कभी-कभी स्टोरी बनाने से ज़्यादा समय यह सोचने में लग जाता है कि पोस्ट क्या करें। हो सकता है आपके पास तस्वीरें हों, लेकिन उनके लिए कोई कैप्शन न सूझ रहा हो। या फिर नई तस्वीर लिए बिना ही कुछ शेयर करने का मन हो।
ये स्टोरी आइडिया आपको शुरुआत करने के कई तरीके देते हैं। इनमें रोज़मर्रा के पलों और तस्वीरों के कैप्शन से लेकर ऐसी पोस्ट तक शामिल हैं जिन पर दोस्त जवाब दे सकें। साथ ही, आप imo पर म्यूज़िक, स्टिकर और AI से बनी तस्वीरों का इस्तेमाल करके अपनी बात के मुताबिक स्टोरी बनाने के तरीके भी पाएंगे।
जब कुछ न सूझे, तो रोज़मर्रा के पलों से बनाएं स्टोरी
कुछ ऐसा शेयर करें जिस पर आपकी नज़र पड़ी हो। टहलते हुए दिखी किसी चीज़ या हाल ही में चखे किसी नए स्नैक की तस्वीर पोस्ट करें। साथ में बता सकते हैं कि वह कहां मिला या आप दूसरों को उसे आज़माने की सलाह देंगे या नहीं। खाने की तस्वीर पर “इसे दोबारा खरीदूंगा” या “स्वाद से ज़्यादा अच्छा तो दिखता है” जैसी छोटी-सी राय भी काफ़ी है।
किसी काम को शुरू से अंत तक दिखाएं। अगर आप खाना बना रहे हैं, तो एक तस्वीर शुरू करने से पहले लें, एक बनाते समय और एक तैयार पकवान की। आखिरी तस्वीर पर छोटा-सा कैप्शन लिख सकते हैं कि खाना कैसा बना या अगली बार क्या बदलेंगे। पौधे को नए गमले में लगाने या शेल्फ़ जोड़कर तैयार करने का काम भी इसी तरह दिखा सकते हैं।
कोई छोटी कामयाबी शेयर करें। आप किसी ऐसी किताब की तस्वीर पोस्ट कर सकते हैं जिसे पढ़कर पूरा किया हो, किसी पकवान की जिसे बनाना सीखा हो, या किसी निजी लक्ष्य के पूरा होने के बारे में बता सकते हैं। किसी चीज़ की मरम्मत की हो या कुछ बनाया हो, तो पहले और बाद की तस्वीरें अच्छी रहेंगी। साथ में बताएं कि किस हिस्से में सबसे ज़्यादा मेहनत लगी या किस बात से आपको खुशी हुई।
अभी चल रहा कोई काम दिखाएं। कोई स्केच, आधी पूरी हुई पज़ल या हाथ से बनाई जा रही किसी चीज़ की तस्वीर शेयर करें। बता सकते हैं कि कौन-सा हिस्सा बनाने में मज़ा आ रहा है या किस हिस्से को लेकर अभी उलझन है।
जब कैमरे पर आने का मन न हो, तो आसपास का कोई पल शेयर करें। चाय बनाते हुए अपने हाथों का वीडियो लें, अपनी सीट से दिखता नज़ारा रिकॉर्ड करें या पास में खेलते अपने पालतू जानवर को फ़िल्माएं। छोटे वीडियो के लिए फ़ोन स्थिर रखें और फ़्रेम में हो रही हलचल को रिकॉर्ड होने दें।
तस्वीरों के लिए स्टोरी आइडिया और तैयार कैप्शन
कैप्शन में आप कोई खयाल, याद या ऐसी बात जोड़ सकते हैं जो तस्वीर में नज़र नहीं आती। रोज़मर्रा की तस्वीरों के लिए यहां कुछ कैप्शन आइडिया दिए गए हैं।
| तस्वीर | इस्तेमाल करने के लिए कैप्शन |
|---|---|
| आपके सामान पर सोता हुआ पालतू जानवर | “लगता है, यह तो बिल्ली के लिए ही खरीदा था।” |
| आपके हाथ का बना खाना | “जैसा बना है, उससे काफ़ी खुश हूं।” |
| साथ में हंसते हुए दोस्त | “हमें बस एक नॉर्मल फोटो लेनी थी।” |
| छुट्टियों की कोई पुरानी तस्वीर | “उस सफ़र के मेरे पसंदीदा दिनों में से एक, आज भी।” |
| घर से दिखता बारिश का नज़ारा | “बाहर बारिश है। आज घर पर ही रहना है।” |
| व्यस्त दिन के बाद काम की मेज़ | “आज के लिए बस इतना ही। बाकी टैब बाद में देखेंगे।” |
| धुंधली तस्वीर में कैद खुशी का पल | “धुंधली है, फिर भी इसे संभालकर रखना है।” |
असल में जो हुआ था, उसके हिसाब से कैप्शन में कोई बात बदल लें। imo पर आप अपनी स्टोरी में टेक्स्ट, स्टिकर या ड्रॉइंग जोड़ सकते हैं। कैप्शन ऐसी जगह रखें जहां वह किसी के चेहरे या तस्वीर की मुख्य चीज़ को न ढके। अगर पीछे बहुत सारी चीज़ें होने के कारण कैप्शन साफ़ नहीं दिख रहा, तो उसे तस्वीर के किसी कम भरे हुए हिस्से में ले जाएं।
imo Story के बारे में और जानकारी
जब तस्वीरें न हों, तो आज़माएं ये क्रिएटिव स्टोरी आइडिया
आप कोई खयाल, योजना या ऐसी बात लिखकर टेक्स्ट स्टोरी पोस्ट कर सकते हैं जिसे कुछ समय से शेयर करना चाह रहे हों। यह वीकेंड का प्लान, हाल की किसी बातचीत की एक लाइन या अभी देखी किसी फ़िल्म के बारे में आपकी राय हो सकती है।
आप imo के Magicstatus से इमोजी के आधार पर तस्वीर भी बना सकते हैं। अपनी चैट लिस्ट में सबसे ऊपर स्टोरी के कैमरा आइकन पर टैप करें, Magicstatus खोलें और अपने मूड से मेल खाने वाला इमोजी चुनें। इसके बाद बनी हुई तस्वीर को स्टोरी में पोस्ट कर सकते हैं।
अगर कैप्शन जोड़ें, तो उसमें अपने मूड की वजह बता सकते हैं, जैसे “आखिरी परीक्षा भी खत्म।” एक और विकल्प है इन दिनों पसंद आ रही चीज़ों की छोटी-सी सूची बनाना। कुछ गानों, स्नैक्स या शो के नाम लिखें और हर एक के बारे में छोटी-सी टिप्पणी जोड़ें। नाम ज़रूर दें, ताकि आपके दोस्त भी उन्हें ढूंढ सकें।
स्टोरी के अलग-अलग मूड के लिए म्यूज़िक आइडिया
तस्वीर या वीडियो वही रहने पर भी गाने की रफ़्तार स्टोरी का एहसास बदल सकती है। धीमी धुन उसे सुकून भरा बना सकती है, जबकि तेज़ बीट उसमें जोश जोड़ सकती है।
यहां म्यूज़िक के कुछ आइडिया हैं जिन्हें आप आज़मा सकते हैं।
- एक शांत सुबह। कोई हल्की इंस्ट्रुमेंटल धुन आज़माएं, खासकर अगर स्टोरी में ऐसा टेक्स्ट है जिसे आप चाहते हैं कि लोग पढ़ें।
- दोस्तों के साथ घूमने का दिन। उस दिन से जुड़ा कोई गाना चुनें, खासकर ऐसा जिसे रास्ते में आप सबने साथ सुना हो।
- किसी पुराने सफ़र की तस्वीर। ऐसा गाना लगाएं जो आपने उस सफ़र में सुना था या जो आपको उस जगह की याद दिलाता हो।
- खाना बनाते समय हुई गड़बड़ी। धंसे हुए केक को दिखाने के पल को म्यूज़िक के किसी नाटकीय हिस्से से मिलाएं, ताकि वीडियो का अंत थोड़ा मज़ेदार हो जाए।
imo की म्यूज़िक लाइब्रेरी में 10 से ज़्यादा शैलियों का म्यूज़िक है। आप अपने फ़ोन से ऑडियो भी अपलोड कर सकते हैं। पोस्ट करने से पहले तैयार क्लिप को एक बार सुन लें। अगर वीडियो की असली आवाज़ भी उस पल का हिस्सा है जिसे आप शेयर करना चाहते हैं, तो ऐसा म्यूज़िक चुनें जो उसे दबा न दे।
तस्वीर वाली स्टोरी में कैप्शन देखकर तय कर सकते हैं कि मज़ेदार, सुकून भरा या थोड़ा भावुक म्यूज़िक बेहतर रहेगा। छोटी स्टोरी के लिए गाने का ऐसा हिस्सा चुनें जिसमें आपका पसंदीदा भाग जल्दी शुरू हो जाए, ताकि उसे सुनने से पहले ही क्लिप खत्म न हो जाए।
ऐसी स्टोरी जिन पर दोस्त जवाब देना चाहें
स्टोरी में आप दोस्तों से सुझाव मांग सकते हैं, कोई विकल्प चुनने में मदद ले सकते हैं या साथ बिताए किसी पल की याद ताज़ा कर सकते हैं।
चुनने में दोस्तों की मदद लें। मिठाइयों, फ़िल्मों या कपड़ों के दो विकल्प दिखाएं। साथ में थोड़ा संदर्भ दें, जैसे दो आउटफ़िट की तस्वीरों के पास लिखें, “खुले में होने वाली बर्थडे पार्टी के लिए कौन-सा पहनूं?”
अंदाज़ा लगाने वाला खेल पोस्ट करें। खाना बनाने में इस्तेमाल होने वाली किसी चीज़ की पास से ली गई तस्वीर या किसी जानी-पहचानी जगह की अनोखे एंगल से ली गई तस्वीर शेयर करें। लोगों को अंदाज़ा लगाने का मौका देने के बाद पूरी तस्वीर पोस्ट करें।
एक सुझाव मांगें। फ़िल्मों की पूरी सूची मांगने के बजाय “कौन-सी फ़िल्म आप खुशी-खुशी दोबारा देखेंगे?” पूछना जवाब देना आसान बनाता है। आप यह भी पूछ सकते हैं कि उन्हें उसमें क्या पसंद आया।
साथ बिताए किसी पल की याद ताज़ा करें। दोस्तों के साथ कोई पुरानी ग्रुप फोटो शेयर करें और लिखें, “इस दिन की कौन-सी बात आपको सबसे ज़्यादा याद है?”
imo पर दोस्त आपकी स्टोरी पर इमोजी से प्रतिक्रिया दे सकते हैं या मैसेज भेजकर जवाब दे सकते हैं। इसके बाद आप निजी चैट में बातचीत जारी रख सकते हैं।